लखनऊ। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तमाम कवायद किए जा रहे हैं। लोगों को जाम में न फंसना पड़े, इसके लिए जगह-जगह डायवर्जन भी लागू हैं। इसके बावजूद राहगीरों को राहत नहीं मिल रही है। लगातार दूसरे दिन मंगलवार को माल एवेन्यू पुल पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। महज एक किलोमीटर की दूरी तय करने में 45 मिनट लग गए। हजरतगंज इलाके से शुरू हुआ जाम देखते ही देखते ही देखते पूरे शहर में फैल गया।
वहीं, बारिश के कारण भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। कैंट इलाके में वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। बंदरियाबाग, लाल बत्ती, लोरेटो तक वाहन रेंगते रहे। स्कूलों की छुट्टी के दौरान हालात और बिगड़ गए। मॉल एवेन्यू पुल पर एक एंबुलेंस जाम में फंस गई। एंबुलेंस चालक लगातार अनाउंसमेंट करते हुए लोगों से रास्ता मांग रहा था। भीषण जाम में किसी तरह वाहन चालकों ने धीरे-धीरे गाड़ी किनारे की और एंबुलेंस को रास्ता दिया। हालांकि, एंबुलेंस को पुल पार करने में 20 मिनट लग गए। आगे बढ़ने पर लाल बत्ती चौराहे पर दो एंबुलेंस जाम में फंस गईं। लगातार सायरन बजाने के बाद भी उन्हें रास्ता नहीं मिला। मजबूरी में दोनों एंबुलेंस उल्टी दिशा से होकर आगे बढ़ीं।
इधर, पुराने लखनऊ में चेहल्लुम के जुलूस के चलते डायवर्जन किया गया है, जिसके कारण कई इलाकों में लाेगों को यातायात के दबाव का सामना करना पड़ा। परिवर्तन चौक, डालीगंज, कैसरबाग, चौक समेत कई इलाके प्रभावित रहे। इसका असर ग्रीन कॉरिडोर पर भी दिखा। उधर, समिट बिल्डिंग के सामने शहीद पथ पर भी वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। सुबह के समय जाम में फंसे लोगों को दोपहर बाद राहत मिल सकी।