बाराबंकी जिले के रामनगर में कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने शुक्रवार की मध्य रात्रि से ही गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर दिया था। इसके चलते करनैलगंज में करीब 10 किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। हालांकि, शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वाहनों को रवाना कर दिया गया।
छोटे वाहनों व परिवहन निगम की बसों के आवागमन में छूट दी गई थी। बड़े वाहनों को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया था। शुक्रवार की मध्य रात्रि बाराबंकी प्रशासन द्वारा गोंडा के अधिकारियों को सूचना दी गई की लगातार कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के चलते रामनगर, चौकाघाट, घाघरा घाट और मसौली से बाराबंकी के बीच जाम की स्थिति बनी हुई है और गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बड़े वाहनों के यातायात पर रोक लगाने के लिए कहा गया। उसके बाद रात्रि करीब 12 बजे करनैलगंज के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने गोंडा लखनऊ मार्ग पर हुजूरपुर तिराहे के निकट बैरियर लगाकर बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। सुबह तक करीब 10 किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम लग गया।
ये भी पढ़ें - सिर्फ दो घंटे में जमींदोज कर दी गई दुष्कर्म के आरोपी सपा नेता की बेकरी, दो-दो बुलडोजर चले
ये भी पढ़ें - अयोध्या दुष्कर्म मामला: पीड़ित के परिजनों से मिले मंत्री संजय निषाद, मीडिया से बात कर रो पड़े, बोले- चुप क्यों हैं अखिलेश
हालांकि दो पहिया, चार पहिया छोटे वाहनों व रोडवेज बसों के आवागमन को बहाल रखा गया है। मंगलवार सुबह तक बड़े वाहनों की यातायात के बंद रहने की संभावना बनी हुई है क्योंकि सावन माह के तीसरे सोमवार को विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक का कार्यक्रम और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए 24 घंटे पहले इस मार्ग को बंद करने का आदेश पहले से जारी है।
उपजिलाधिकारी भारत भार्गव का कहना है कि छोटे वाहनों को बाराबंकी जिले के चौकाघाट से मोड़ने की व्यवस्था है। जिसके कारण छोटे वाहनों का आगमन नहीं बंद किया गया है। बड़े वाहनों को बंद किया गया था जिससे कांवड़ियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।