स्मार्ट सिटी योजना के तहत बिछाई जा रही सीवर लाइन के काम में जल निगम और उसके ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं।
लाइन बिछाने के लिए बुधवार को बीच शहर की त्रिलोक नाथ रोड को खोदकर हजरतगंज और लालबाग इलाके का ट्रैफिक ठप कर दिया गया। इससे हजारों वाहन सवारों ने परेशानी झेली।
वहीं, लापरवाही से की गई सड़क खोदाई के कारण पेयजल पाइल लाइन टूटी और लालबाग पार्क के सामने की सड़क बीच में धंस गई। ऐसे में बिना सुरक्षा किए जा रहे सीवर लाइन बिछाने के काम के कारण बड़ा हादसा हो सकता है।
करीब 300 करोड़ की लागत से स्मार्ट सीवर लाइन बिछाने का काम हो रहा है। यह काम दिल्ली की कंपनी केके स्पैन को मिला है मगर वह खुद करने की बजाए पेटी ठेकेदारों से काम कर रही है।
जो सुरक्षा से लेकर कार्य की गुणवत्ता तक में लापरवाही बरत रहे हैं। इसे लेकर कई शिकायतें आ चुकी हैं। काम में गड़बड़ी को लेकर करीब चार महीने पहले नगर आयुक्त ने ठेेकेदार पर जुर्माना लगाया था और एफआईआर भी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
मगर जल निगम के कुछ अफसरों ने ठेकेदार को बचा लिया। इससे ठेकेदार की लापरवाही जारी है। बुधवार को उसने लालबाग में त्रिलोक नाथ रोड का खोदना शुरू कर दिया। इससे पूूरा ट्रैफिक ठप हो गया।
जल निगम के महाप्रबंधक आरके अग्रवाल का कहना है कि यह काम रात में किया जाना चाहिए था। प्रोजेक्ट मैनेजर जल निगम पीयूष मौर्या का कहना है कि लापरवाही केे लेकर ठेकेदार से जवाब-तलब किया जाएगा।
वहीं, ठेेकेदार कंपनी केके स्पैन के प्रतिनिधि ने कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारी को हटा दिया जाएगा।
सख्त कार्रवाई की जाएगी
जल निगम के जीएम आरके अग्रवाल ने बताया कि काम में लापरवाही को लेकर पहले भी ठेेकेदार पर जुर्माना लगाया गया है। खुद काम करने के बजाए दूसरे ठेकेदार से काम कराने और सुरक्षा व गुुणवत्ता में लापरवाही किए जाने को लेकर जो शिकायत है उसकी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।