लखनऊ। इकाना स्टेडियम में मैच के दौरान और मॉल में वीकेंड की भीड़ उमड़ने से राजधानी के तेजी से उभरते हब सीजी सिटी में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है। लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। हालांकि, अब जल्द ही इस समस्या से निजात मिल जाएगी। इसके लिए एलडीए पलासियो मॉल के ठीक पीछे 38.47 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग बनवा रहा है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस पार्किंग के बेसमेंट में गाड़ियां होंगी तो ऊपर हरा-भरा पार्क आकर्षण का केंद्र रहेगा। भारत सरकार के अर्बन चैलेंज फंड से स्वीकृत परियोजना की सबसे अनूठी बात इसकी डिजाइन है।
7635 वर्गमीटर में बन रही पार्किंग के लोअर व अपर बेसमेंट में एक साथ 458 दोपहिया और 350 चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। पार्किंग की छत पर करीब 3900 वर्गमीटर में पार्क विकसित किया जाएगा।
21 एकड़ में तैयार हो रहा अर्बन पार्क
सीजी सिटी को पर्यावरण और मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से 21 एकड़ में अर्बन पार्क भी तैयार किया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने नवंबर तक हर हाल में काम पूरा कर इसे जनता को समर्पित करने की बात कही है। पार्क में ओपन एयर थिएटर, फूड कोर्ट, आधुनिक लाइब्रेरी की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा स्पोर्ट्स एरीना, वॉटर बॉडी, पाथ-वे और शानदार लैंडस्केपिंग आकर्षण चुराएगी। प्रथमेश कुमार ने अर्बन वेटलैंड के पास बने नौसेना शौर्य संग्रहालय के संचालन व रखरखाव का प्रस्ताव जल्द तैयार करने के लिए कहा है। उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी में जश्न रियल्टी ग्रुप की कॉलोनी का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि बुनियादी सुविधाएं आबादी के अनुपात में विकसित हों और ग्रीन बेल्ट में कोई अतिरिक्त निर्माण न किया जाए।