लखनऊ। अग्निशमन ऑडिट के नाम पर व्यावसायिक भवनों की सीलिंग के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी सोमवार को एलडीए दफ्तर पहुंचे और अपर सचिव से मुलाकात कर 17 सूत्री ज्ञापन सौंपा। एलडीए सचिव के न मिलने पर नाराजगी जताई और उनके विरोध में नारे भी लगाए।
चेयरमैन सुमेर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष अमरनाथ अग्रवाल, महामंत्री योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में व्यापारी सोमवार को एलडीए दफ्तर पहुंचे लेकिन उन्हें बताया गया कि एलडीए उपाध्यक्ष उनसे नहीं मिल पाएंगे। वह बैठक में व्यस्त हैं। इसलिए सचिव विवेक श्रीवास्तव से मिल लें। इसके बाद बताया गया कि वह भी किसी बैठक में चले गए हैं। इस पर व्यापारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। आनन-फानन पुलिस और एलडीए अफसर भी पहुंच गए और व्यापारियों को शांत करवाया। अपर सचिव ज्ञानेंद्र कुमार से व्यापारियों की मुलाकात कराई गई, जिस पर व्यापारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने कहा कि दैवी आपदा या आकस्मिक दुर्घटना के बाद व्यापारियों को निशाना बनाना उचित नहीं है। मांग की कि एलडीए आवासीय और व्यावसायिक भवनों की परिभाषा व उनके उपयोग संबंधी नियमों को सरल व स्पष्ट रूप से जारी करे। इससे व्यापारियों व प्राधिकरण के बीच टकराव नहीं होगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, युवा अध्यक्ष संजय जायसवाल, मंगलेश मिश्रा, प्रशांत वर्मा, प्रदीप सोनकर, धर्मेश आदि मौजूद रहे।
ज्ञापन देने पहुंचे व्यापारी।
ज्ञापन देने पहुंचे व्यापारी।