डीएम को समस्याओं के संबंध में ज्ञापन देते व्यापारी।
लखनऊ। वाणिज्य बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने कई व्यापारी मुद्दों को उठाया। इसमें बिजली कनेक्शन के विद्युत लोड मनमाने तरीके से बढ़ाना और वाणिज्यिक गृहकर बढ़ाना शामिल था। आवास विकास की नई उप विधि में रूपांतरण शुल्क के रूप में सर्किल रेट के 25 फीसदी की दर कम करने की भी मांग की गई।
प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अपर जिलाधिकारी से शिकायत की। उन्होंने बताया कि ऊर्जा निगम व्यापारियों की मर्जी के बिना विद्युत भार बढ़ा रहा है। नगर निगम पुरानी दरों से कई साल की वृद्धि जोड़कर बिल भेज रहा है। इससे व्यापारियों का आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है। इकबाल हसन ने अयोध्या मार्ग पर भूतनाथ मेट्रो स्टेशन से लेखराज मेट्रो स्टेशन तक नाला बंद होने का विषय उठाया। उन्होंने कहा कि यातायात विभाग ने नरही जाने वाला मार्ग बंद कर दिया है। लोगों को जवाहर भवन के पास से घूमकर आना पड़ता है। चारबाग में फुट ओवर ब्रिज के पास असामाजिक तत्वों के जमावड़े की भी शिकायत की गई।
लखनऊ व्यापार मंडल ने डीएम को दिया ज्ञापन
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें मंडी समिति की जियो टैगिंग व्यवस्था को अत्यधिक जटिल और अव्यावहारिक बताया गया। सर्राफा बाजार की जर्जर भूमिगत विद्युत केबलों के तत्काल प्रतिस्थापन की मांग की गई। पुराने और जर्जर बिजली के खंभों को बदलने की भी बात कही गई।
व्यापारियों ने व्यापारिक क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, शहर से अतिक्रमण हटाने, झाऊलाल पुल पर सुलभ शौचालय बनाने, व्यापारियों के वाहनों के विरुद्ध भेदभावपूर्ण कार्रवाई रोकने, बाजारों में पेयजल और व्यापार लाइसेंस के नाम पर उत्पीड़न रोकने की मांग की गई। इसके अलावा लखनऊ विकास प्राधिकरण से इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की लीजहोल्ड भूमि को फ्रीहोल्ड करने की नीति लागू करने और नई नीति बनने तक लीजधारकों के विरुद्ध कोई कार्रवाई न करने की मांग भी की।
डीएम को समस्याओं के संबंध में ज्ञापन देते व्यापारी।