सरोजनी नगर। सरोजनीनगर क्षेत्र में चिल्लावां गांव जाने वाले मुख्य मार्ग के सामने कानपुर रोड पर बने कट को बृहस्पतिवार को ट्रैफिक पुलिस ने बंद कर दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया। इस कट से चिल्लावां गांव के साथ अवध विहार, तपोवन नगर, आजाद नगर और बंधवा तालाब के निवासियों को आवागमन में सहूलियत होती थी। कट बंद होने की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंचकर कट दोबारा खोलने की मांग करने लगे। सूचना पाकर पहुंचे एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा और एसीपी ट्रैफिक राधा रमन सिंह ने व्यापारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने।
एसीपी ट्रैफिक राधा रमन सिंह ने बताया कि कट की वजह से यहां हर दिन जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित होता था। जाम से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है। व्यापारियों ने कहा कि अगर कट बंद किया जा रहा है तो वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने शुक्रवार को एसडीएम सरोजनी नगर एनएचएआई अधिकारी और एसीपी ट्रैफिक के साथ व्यापारियों की बैठक कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया।