लखनऊ। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बृहस्पतिवार को एलडीए में संपत्तियों की समीक्षा बैठक की। समीक्षा में पाया गया कि बहुमंजिला आवासीय योजनाओं में कुल 19,230 फ्लैट हैं जिनमें 18953 फ्लैट आवंटित हो चुके हैं। इनमें 2930 फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं हुई है। इसके साथ ही कई व्यावसायिक भूखंडों की रजिस्ट्री भी अटकी हुई है। मंडलायुक्त ने इन सभी संपत्तियों की रजिस्ट्री के लिए एलडीए को विशेष रजिस्ट्री शिविर लगाने के आदेश दिए।
बैठक में वजीर हसन रोड पर स्थित जर्जर हो चुके पुराने खाली अपार्टमेंटों को तोड़कर फिर से बनाया जाएगा। नगर निगम की प्राइम लोकेशनों पर एलडीए अपनी योजनाएं लाएगा। बैठक में यह प्रस्ताव पास हुए। मंडलायुक्त ने कहा कि नगर निगम के स्वामित्व वाली 1090 चौराहा, ऐशबाग, हरिहरपुर और जानकीपुरम योजना के पास अतरौली में स्थित भूमि आवासीय योजनाओं व अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए काफी उपयोगी है। इस सक्षम स्तर से स्वीकृति लेकर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए।
निजी टाउनशिप में सुविधाओं का होगा ऑडिट
मंडलायुक्त ने कहा कि निजी टाउनशिप में सार्वजनिक सुविधाओं का थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाए। इसमें यह देखा जाए कि स्वीकृत डीपीआर के अनुसार एसटीपी, पार्क और विद्युत उपकेंद्र जैसी सुविधाओं का विकास किया है या नहीं। यह काम दिल्ली स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्ट से कराया जाएगा।