लखनऊ। यूपी रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन के 62वें वार्षिक महासम्मेलन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश राज में व्यापारियों, उद्यमियों से जबरन वसूली होती थी। भाजपा सरकार में माफियाराज को खत्म किया गया है। उत्तर प्रदेश न केवल देश का सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक राज्य है, बल्कि खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भी अग्रणी बनता जा रहा है। आज उत्तर प्रदेश 380 लाख टन गेहूं का उत्पादन करते हुए देश का सबसे ज्यादा गेहूं, चीनी व दुग्ध उत्पादक राज्य है। अब लक्ष्य है कि हम सब मिलकर प्रदेश को पूरे दक्षिण एशिया का खाद्य प्रसंस्करण हब बनाएं।
डिप्टी सीएम के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक बजाज, निवर्तमान अध्यक्ष धर्मेंद्र जैन, पूर्व अध्यक्ष प्रमोद कुमार वैश्य ने किया। एसोसिएशन ने मांग की कि सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गेहूं की जगह आटा उपलब्ध कराए तो इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ यह सीधे उपभोक्ता की थाली में पहुंचेगा। आटा जल्दी खराब होता है, इसलिए इसकी कालाबाजारी नहीं हो सकेगी। मंडी शुल्क हटाने और फोर्टिफाइड अनाज वितरण की भी मांग की गई।
उद्यमियों की समस्याओं पर विशिष्ट अतिथि व प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति रणवीर प्रसाद ने कहा पीडीएस में फोर्टिफाइड राइस बंट रहा है। आटे में भी पहल की जरूरत है। अगर निजी क्षेत्र अपनाए तो धीरे-धीरे सरकार भी अपनाने पर विचार करेगी। सम्मेलन में प्रदेश भर से 200 से ज्यादा रोलर फ्लोर मिल इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एजीएम में सर्वसम्मति से वाराणसी के दीपक बजाज को नया अध्यक्ष चुना गया। निवर्तमान अध्यक्ष धर्मेंद्र जैन ने उन्हें बैच सौंपा। उपाध्यक्ष रामऔतार सिंघल को चुना गया। आकाश जालान, मनोज बजाज, संजय अग्रवाल, योगेंद्र विजय सिंह, विजय गुप्ता, सुमित सिंघल, अर्जुन अग्रवाल, श्याम सुंदर बजाज, विभोर विजय सिंह, आयुष्मान बजाज, पीयूष अग्रवाल, अंकित बुधिया, श्रेय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
यूपी रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन के सम्मेलन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक।
यूपी रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन के सम्मेलन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक।