आगरा एक्सप्रेस वे पर करीब एक हजार एकड़ जमीन का उपयोग एलडीए टाउनशिप बनाने के लिए करेगा। ये टाउनशिप काकोरी ब्लॉक के 16 गांवों में बनाई जाएंगी। इसमें लगभग एक लाख लोगों को बसाने की तैयारी है। साथ ही यहां कॉमर्शियल स्पेस भी होंगे।
भविष्य में यहां चार टाउनशिप बनाई जाएंगी। आगरा एक्सप्रेस वे के लिए 16 गांवों का अर्जन यूपीडा ने किया है। जबकि इन गांवों को एलडीए ने अपनी महायोजना में शामिल कर लिया है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे 16 गांवों को एलडीए के क्षेत्र में शामिल किया जाएगा। इन गांवों की व्यावसायिक उपयोगिता बढ़ाने के लिए उनको एलडीए के भीतर लाया जा चुका है। इस संबंध में एलडीए बोर्ड में फैसला भी हो गया है। लखनऊ सदर तहसील के ये गांव काकोरी ब्लॉक की जद में आते हैं।
इन गांवों की जमीन एक्सप्रेस वे के रास्ते में
नटकौरा, भलिया, आदमपुर इंदरवारा, गहलवारा, रेवरी, बहरू, दोना, तेजकिशनखेड़ा, महमहूदपुर , कुसमी, भटऊ जलालपुर, शाहपुर बसरैला, गोटावां, शेरपुर मऊ, खानपुर मऊ, फैसलपुर और गोसापुर गांवों को एलडीए सीमा में लाया जा चुका है।
एक गांव की आबादी आई आड़े
महमूदपुर गांव की आबादी एक्सप्रेस वे में आड़े आ रही है। महमूदपुर की आबादी को कटिंगरा गांव में बसाया जाएगा। कटिंगरा में ग्राम समाज की खाली भूमि पर एलडीए 80 भूखंड निकालेगा। इसके साथ में कुछ मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करवाएगा। बाकी पूर्ण विकसित करने के लिए गांव में यूपीडा काम करवाएगा।