सरकारी अस्पतालों को हाईटेक बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है।
अस्पताल आने वाले मरीज सूचना के अभाव में अस्पताल के चक्कर न लगाए इसके लिए स्वास्थ्य विभाग जल्द ही इनफॉरमेशन कियोस्क मशीन लगाने की तैयारी कर रहा है।
मशीन लगने के बाद अस्पताल आने वाले मरीज एक टच से पता कर सकते हैं कि किस विभाग के कौन से डॉक्टर कहां बैठे हैं।
मरीजों और तीमारदारों को जानकारी के अभाव में भटकना न पड़े इसके लिए सरकारी अस्पतालों में एनआरएचएम के तहत इनफॉरमेशन कियोस्क मशीन लगाने की तैयारी चल रही है।
एटीएम की तर्ज पर बनी इस नई मशीन में अस्पताल आने वाले मरीजों को ओपीडी संख्या, डॉक्टर का नाम, मोबाइल नंबर, पर्चा काउंटर और पैथोलॉजी से संबंधित सभी जानकारी एक टच से प्राप्त हो सकेंगी।
जानकारी के मुताबिक मशीन से हिंदी और अंग्र्रेजी दोनों भाषाओं में लिखित और मौखिक सूचना मिलेगी। इस प्रक्रिया के तहत गोमतीनगर स्थित लोहिया अस्पताल में कियोस्क मशीन पहुंच चुकी है।
एक हफ्ते के भीतर यह सेवा चालू कर दी जाएगी। अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओमकार यादव ने बताया कि मशीन लगने के बाद मरीजों को पूछताछ के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
वहीं बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. यूएन राय ने बताया कि अस्पताल में जल्द ही कियोस्क मशीन लग जाएगी। वहीं सिविल अस्पताल में मशीन लगाने के लिए जगह की तलाश की जा रही है।