उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2021-22 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट में स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को लखनऊ में बृहस्पतिवार को अमर उजाला ‘मेधावी छात्र सम्मान’ समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
गोमतीनगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें सम्मानित करेंगे। सामाजिक सरोकारों की श्रृंखला में अमर उजाला की ओर से मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन विगत कई वर्षों से किया जा रहा है।
इसी क्रम में इस वर्ष भी प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में पहले दस स्थान पर रहने वालों के साथ ही जिले स्तर पर पहला स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। ये मेधावी प्रदेश के सभी जिलों से 2 नवंबर की शाम लखनऊ पहुंचेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा दीपक कुमार, माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. सरिता तिवारी के साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।