अभियान के दौरान डीएम विशाख जी, जेसीपी कानून व्यवस्था बबलू कुमार, नगर आयुक्त गौरव कुमार मौजूद रह
लखनऊ। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए शुक्रवार को बड़े अफसर एक साथ सड़क पर उतरे। जिलाधिकारी विशाख जी, नगर आयुक्त गौरव कुमार व संयुक्त पुलिस पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार ने अभियान की अगुवाई की।
स्वास्थ्य भवन चौराहे से कैसरबाग तक सड़कों व पटरियों से कब्जे हटाए गए। पांच ट्रक सामान जब्त किया गया। हालांकि, उनके कब्जे फुटपाथ से नहीं हटे, जिन्हें प्रशासन पहले भी नहीं हटा पाया था।
टेलीफोन एक्सचेंज के पास सड़क पर पूर्व पार्षद के भाई की टीन शेड वाली तीन दुकानों को तोड़ा गया। इसे लेकर उसने हंगामा किया। टीम के साथ उसकी झड़प भी हुई। महात्मा गांधी मार्ग पर मंडलायुक्त कार्यालय होते हुए शहीद स्मारक रेजीडेंसी व डालीगंज पुल तक अतिक्रमण हटाया गया। सड़क पर बनीं अस्थायी 18 दुकानें तोड़ी गईं।
इस दौरान नगर निगम जोन एक के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह टीम के साथ थे। डीएम कार्यालय की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर फुटपाथ पर अतिक्रमण कर वकीलों की ओर से बनाए गए चैंबरों को छुआ तक नहीं गया। सड़क पर खड़ी इनकी गाड़ियां भी नहीं हटवाई गईं।
यहां भी चला अभियान
हैदरगंज प्रथम व अंबरगंज क्षेत्र में 40 अस्थाई दुकानें, 30 ठेले व आठ गुमटियां हटाई गईं। चंदर नगर पुलिस चौकी से आलमबाग बस अड्डा, टेढ़ी पुलिया और आलमबाग थाने तक अभियान चला। बाजारखाला से बुलाकी अड्डे तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान नौ लोगों का चालान कर 15 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।