अमौसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने या लेने के लिए पहुंचने वाले वाहनों को अब टोकन का झंझट नहीं रहेगा। यह व्यवस्था खत्म कर दी गई है। परिवारीजन अब यात्रियों को बेरोकटोक एयरपोर्ट टर्मिनल से रिसीव व ड्रॉप कर सकते हैं। दीपावली के बाद से नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहले यात्रियों को टर्मिनल तक लाने व वहां से ले जाने के लिए पार्किंग की ओर से पर्ची दी जाती थी। अब एयरपोर्ट के मुख्य मार्ग पर लगे पार्किंग टोल को बंद कर दिया गया है। इससे अब पर्ची लेने का झंझट नहीं रहेगा। एयरपोर्ट प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी संजय कुमार नारायण ने बताया कि जो वाहन यात्रियों को टर्मिनल भवन के डिपार्चर के सामने छोड़कर बाहर निकलेंगे, उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और न उन्हें टोकन लेना पड़ेगा।
इसी तरह आगमन गेट से यात्रियों को रिसीव कर सीधे बाहर भी निकल सकते हैं और टोकन नहीं लेना पड़ेगा। लेकिन टर्मिनल भवन के सामने पिक एंड ड्रॉप में कोई भी वाहन तीन मिनट से अधिक समय तक रुका तो उससे जुर्माना लिया जाएगा। यह पांच सौ रुपये तक हो सकता है। उन्होंने आगे बताया कि ऐसा यात्रियों की सुविधा के लिए ही किया जा रहा है, ताकि टर्मिनल के सामने जाम न लगे।