जिले के ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमण से बचाव और इसकी निगरानी अब मोहनलालगंज के मॉडल लालपुर गांव की तर्ज पर होगी। इस मॉडल को सभी जगह लागू कराकर सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम व स्वयं सहायता समूह के जरिए कोरोना की रोकथाम के साथ रोजगार पैदा किए जाएंगे।
यह निर्देश जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने दिया। वह मंगलवार को पहली गूगल मीट के जरिए सीडीओ, नगर आयुक्त, एडीएम, एसडीएम व खंड विकास अधिकारियों के साथ शिविर कार्यालय से समीक्षा बैठक कर रहे थे। डीएम ने कहा कि कोरोना की रोकथाम को गठित निगरानी समितियों को और सक्रिय रखा जाए।
संदिग्ध केस पाए जाने पर इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को देने के साथ ही क्वारंटीन की व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने मनरेगा कार्यों में तेजी लाते हुए मानसून से पहले ही तालाब खुदाई के काम पूरे कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि गांवों में औषधीय पौधे गिलोय, तुलसी और लेमन ग्रास लगवाए जाएं। इसके अलावा सीडीओ मनीष बंसल ने वर्चुअल जन सुनवाई की व्यवस्था को जल्द लागू करने की बात कही। साथ ही निराश्रित गोवंशों के संरक्षण को बढ़ावा देने की बात कही।