लखनऊ। यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम ने अयोध्या में कांवड़ियों की भीड़ के चलते 30 जुलाई तक लखनऊ एवं गोरखपुर के बीच आवागमन करने वाली बसों को डायवर्ट किया है। साधारण एवं एसी बसेें लखनऊ से चलकर जरवल रोड, कर्नेलगंज, गोंडा होकर चलेंगी। यानी 28, 29 एवं 30 जुलाई को बसें अयोध्या होकर गोरखपुर नहीं जाएंगी।
लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके बोस ने शनिवार को बताया कि बसों का डायवर्जन करने पर लखनऊ से गोरखपुर की दूरी 36 किमी बढ़ गई है। पहले लखनऊ के आलमबाग से गोरखपुर की दूरी 310 किमी थी, जो अब 346 पड़ेगी। इसके कारण आलमबाग, चारबाग, कैसरबाग से जाने वाली साधारण एवं एसी सेवा की बसों का किराया बढ़ गया है। अभी साधारण बस का किराया 320 रुपये है, जो 30 जुलाई तक बढ़कर 358 रुपये हो गया है। इसी प्रकार एसी शताब्दी बस का जो किराया 510 रुपये था, वह 535 रुपये हो गया। 31 जुलाई से बसें अपने तय रूट से चलेंगी।