फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश की पहली कॉरपोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस के रवाना होने से पांच मिनट पहले तक मिलेगा टिकट

Thu, 12 Sep 2019 03:52 AM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

  • वेटिंग टिकट कैंसिल करवाने पर सिर्फ 25 रुपये कटेंगे
  • इसका किराया सीजन के अनुसार लिया जाएगा
  • विदेशी पर्यटकों के लिए सीटें आरक्षित
विज्ञापन
Tejas Express - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश की पहली कॉरपोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस में सीटों की बुकिंग जल्द शुरू होगी। इसका टिकट रवानगी से पांच मिनट पहले तक मिलेगा। इतना ही नहीं वेटिंग टिकट कैंसिल करवाने पर सिर्फ 25 रुपये कटेंगे। इसका किराया सीजन के अनुसार लिया जाएगा।

विज्ञापन


यह जानकारी भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के एमडी महेंद्र प्रताप मल ने बुधवार को गोमतीनगर के होटल में प्रेसवार्ता में दी। बता दें कि तेजस एक्सप्रेस अक्तूबर से चलेगी। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर बाकी सभी छह दिन चलेगी। लखनऊ से सुबह 6.10 बजे चलकर दोपहर 12.25 बजे दिल्ली पहुंचेगी। 

वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से शाम 4.30 बजे चलकर रात 10.45 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन में एक एग्जीक्यूटिव व नौ एसी चेयरकार की बोगियां होंगी। टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर होगी। दो महीने पहले ट्रेन में रिजर्वेशन कराया जा सकेगा। कोई भी रियायती टिकट नहीं जारी होगा। 
विज्ञापन


पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की यात्रा जहां मुफ्त होगी, वहीं इससे अधिक उम्र के बच्चों का पूरा किराया लगेगा। तेजस का किराया शताब्दी से तुलनात्मक रूप में महंगा होगा और यह तीन सीजन (त्योहारी, कम और ज्यादा यात्री) के आधार पर तय होगा। फरवरी, मार्च व अगस्त को कम यात्रियों वाले सीजन में रखा गया है, यानी इनमें किराया तुलनात्मक रूप से कम होगा। 

टिकट पर फ्लेक्सी प्राइसिंग सिस्टम लगेगा। ट्रेन में निजी सिक्योरिटी होगी। वार्ता के दौरान आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव, एके पांडेय, आरआर शाह, एमपी सिंह भी थे।

विदेशी पर्यटकों के लिए सीटें आरक्षित
तेजस एक्सप्रेस की बोगी की ग्रुप बुकिंग तीन दिन पहले तक ऑनलाइन कराई जा सकेगी। यह ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी। इसके लिए एक एसी चेयरकार बोगी (78 सीटें) रिजर्व रहेगी। ट्रेन में तत्काल या प्रीमियम तत्काल कोटे की सुविधा नहीं होगी। विदेशी पर्यटकों के लिए कोटा होगा। इनके लिए एग्जीक्यूटिव क्लास में पांच व चेयरकार में 50 सीटें आरक्षित होंगी।

25 लाख का मुफ्त बीमा मिलेगा
आईआरसीटीसी तेजस में सफर करने वाले सभी यात्रियों को 25 लाख रुपये के मुफ्त इंश्योरेंस की सुविधा देगा। इतना ही नहीं लखनऊ जंक्शन पर रिटायरिंग रूम व नई दिल्ली स्टेशन पर एग्जीक्यूटिव लाउंज की सुविधा होगी। यहां मांग पर मीटिंग भी करवाई जा सकेगी। खानपान की व्यवस्थाएं भी आईआरसीटीसी करवाएगा। इनके लिए अतिरिक्त चार्ज लगेगा।

वेटिंग टिकट पर पूरा रिफंड
अगर, तेजस एक्सप्रेस में आपका टिकट कंफर्म नहीं हुआ है तो कैंसिलेशन चार्ज नहीं लिया जाएगा। आईआरसीटीसी पूरा रिफंड देगा। इसके लिए टीडीआर भरने की भी जरूरत नहीं होगी। वेटिंग या आंशिक रूप से कन्फर्म के यात्रियों का टिकट कन्फर्म नहीं होता है तो उन्हें पूरा रिफंड दिया जाएगा। अगर वे स्वेच्छा से टिकट कैंसिल कराते हैं तो 25 रुपये की कटौती होगी। कन्फर्म टिकट कैंसिल कराने पर रेलवे के वर्तमान नियम ही लागू होंगे।

चाय-कॉफी मुफ्त, वेटर देंगे सेवा
तेजस में यात्रियों को मुफ्त में चाय व कॉफी मिलेगी। इसके लिए वेंडिंग मशीन लगाई जाएगी। हवाई जहाज की तरह ट्रॉलियों से वेटर खानपान की सेवाएं देंगे। रेलनीर का आरओ हर कोच में होगा। लखनऊ से दिल्ली पहुंचने से पहले अल्पाहार भी मिलेगा। वापसी में शाम को चाय, नाश्ता और रात का खाना आईआरसीटीसी देगी।

आईआरसीटीसी सीट तक पहुंचाएगा सामान
इस ट्रेन में यात्रा करने वालों का सामान घर से लाकर सीट तक पहुंचाने की सुविधा आईआरसीटीसी देगा। इतना ही नहीं सामान को किसी गंतव्य तक पहुंचाना है, शहर की नामचीन दुकानों से कोई सामान मंगवाना है या टैक्सी व होटल बुकिंग जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इस पर विचार चल रहा है और इसके लिए अतिरिक्त चार्ज लिया जाएगा। लगेज का बीमा होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें