फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होलीः ट्रेन में टिकट नहीं, विमान किराया आसमान पर

विज्ञापन
विज्ञापन
होली पर अपने घर लखनऊ आने के लिए दस हजार से अधिक यात्रियों को दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां दिल्ली से लखनऊ तक सीधी स्पेशल ट्रेन होली से पहले न चलने के कारण इन यात्रियों के वेटिंग के टिकट कंफर्म नहीं हो पा रहे हैं।
विज्ञापन


वहीं दूसरी ओर विमान कंपनियों ने अधिक मांग को देखते हुए किराया बढ़ा दिया है। आलम यह है कि मुंबई से लखनऊ और दिल्ली से लखनऊ का विमान किराया एक बराबर हो गया है।

चार मार्च को जहां नई दिल्ली और गाजियाबाद स्टेशन पर इतनी अधिक भीड़ थी कि यात्रियों को अपनी सीटों तक पहुंचने में आधा से एक घंटा लग गया। चार मार्च को नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली लखनऊ मेल की स्लीपर क्लास में वेटिंग 500, एसी थर्ड में 300 और एसी सेकेंड में 120 तक हो गयी।
विज्ञापन


इसी तरह ट्रेन 12430 राजधानी एक्सप्रेस की एसी थर्ड की वेटिंग 300 तक पहुंच गयी। आनंद विहार -वाराणसी गरीब रथ की वेटिंग भी 300 से अधिक होने के कारण रिग्रेट हो गयी।

इसी तरह पांच मार्च को भी गोमती एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस सहित लखनऊ आने वाली सभी ट्रेनों में हर क्लास में लंबी वेटिंग हो गयी है। उत्तर रेलवे मुख्यालय हर बार होली से एक दिन पहले दिल्ली से लखनऊ की एक स्पेशल ट्रेन चलाता था।

जिससे नियमित ट्रेनों की अधिक वेटिंग वाले यात्री इस ट्रेन से लखनऊ आ जाते थे। इस बार उत्तर रेलवे मुख्यालय ने दिल्ली से इस स्पेशल ट्रेन को सात और आठ मार्च को लखनऊ के लिए चलने की तैयारी की है। जिससे दिल्ली से लखनऊ आने वाले यात्रियों को तो कोई राहत नहीं मिल सकी होली बाद वापस जाने वाले यात्रियों के लिए आसानी जरूर होगी।

बढ़ गए हैं विमान के किराये

होली की वजह से तुरंत ‌विमान में टिकट बुक कराने वालों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली और मुंबई दोनों के ही किराए बढ़ गए हैं। दिल्ली से लखनऊ का 5 मार्च का किराया कुछ इस तरह से है।

जेट एयर का किराया 13056 रुपए, इंडिगो का 7957 रुपए, गो एयर का 8668 रूपए हो गया है। यही हाल मुंबई के भी किराए का है।  मुंबई से लखनऊ पांच मार्च को एयर इंडिया का किराया करीब 9 हजार रूपए, इंडिगो का 13584 रुपए और गो एयर का 10273 रुपए हो गया है।

5 मार्च की तरह 8 मार्च को भी विमान का किराया बढ़ी हुई दरों में ही दिखेगा। दिल्ली जाने वाली जेट एयरवेज की फ्लाइट का टिकट 9948 रूपए कीमत का है। इंडिगो का किराया 9142 रूपए है। जेट का किराया 10950 रुपए है। लखनऊ से मुंबई जाने के लिए भी इस दिन टिकट मंहगे होंगे। इंडिगो का किराया 9857 रूपए, एयर इंडिया का 16956 रूपए और गो एयर का किराया 11529 रूपए का है।
विज्ञापन

क्या वापसी होगी आसान

लखनऊ के आने के बाद जिनको दिल्ली वापस जाना है उनके लिए रेलवे ने कुछ कदम जरूर उठाए हैं। लखनऊ से दिल्ली के लिए रेलवे प्रशासन आठ मार्च को स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इसमें तत्काल रेल आरक्षण के लिए सात मार्च की सुबह 10 बजे रेल आरक्षण केंद्रों पर भीड़ उमड़ेगी।

दलालों पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे एंटी फ्रॉड दस्तों की तैनाती करेगा। वहीं आठ मार्च को लखनऊ से दिल्ली और मुंबई के विमान के टिकट भी महंगा हो गए हैं। छह मार्च को होली के बाद शनिवार और फिर आठ को रविवार होगा।

रेलवे इस बार लखनऊ से सात मार्च को एक और  आठ मार्च को दो स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। लखनऊ से दिल्ली वापस जाने की सबसे अधिक भीड़ आठ मार्च को होगी। रविवार होने के कारण शहरवासी आठ मार्च को रवाना होकर सोमवार को दिल्ली पहुंचेंगे।

इसके चलते गोमती एक्सप्रेस की एसी चेयरकार क्लास की वेटिंग 186, सेकेंड सीटिंग क्लास की वेटिंग 260 और एसी सेकेंड की वेटिंग 48 हो गयी है। इसी तरह शताब्दी एक्सप्रेस की एसी चेयरकार की वेटिंग 377 हो चुकी है। लखनऊ मेल की स्लीपर क्लास का वेटिंग का टिकट भी मिलना बंद हो गया है।

रेलवे ने होली पर आठ मार्च को लखनऊ से दिल्ली के लिए एक और नई ट्रेन की घोषणा की है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि स्पेशल ट्रेन लखनऊ से आठ मार्च की रात 9:30 बजे दिल्ली रवाना होगी। इस ट्रेन का रेल आरक्षण गुरुवार सुबह आठ बजे खुल जाएगा।

ट्रेन 04941 लखनऊ से रात 9:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन 04942 दिल्ली से नौ मार्च को सुबह 9:20 बजे चलकर लखनऊ शाम 5:30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन में एसी 3 की दो, स्लीपर की 12 और जनरल क्लास की बोगियां होंगी। ट्रेन का ठहराव बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद स्टेशनों पर भी होगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें