लखनऊ। ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय के पैथोलॉजी विभाग में कई दिन से किट व रीजेंट का संकट बना हुआ है। इस कारण थायराइड, विटामिन की जांच ठप होने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मजबूरन उन्हें निजी केंद्र जाना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सीएमओ ऑफिस से किट मांगी गई है।
चिकित्सालय की ओपीडी में रोजाना डेढ़ हजार से अधिक मरीज आते हैं। डॉक्टर हर दिन 200 से अधिक मरीजों को जांच लिखते हैं। इनमें से करीब 40 मरीजों को थायराइड व विटामिन की जांच लिखी जाती है, जो किट व रीजेंट न होने से इन दिनों बंद है। इन मरीजों को दूसरे सरकारी अस्पताल भेजा जा रहा है। हालांकि, मरीज वहां जाने के बजाय निजी केंद्र पर जांच करवा रहे हैं। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि सीएमओ ऑफिस से किट मिलते ही जांच शुरू हो जाएगी।