रायबरेली। विद्युत उपकेंद्र जगतपुर से निकले थुलरई फीडर से जुड़े करीब 70 गांवों को अब भरपूर बिजली मिलेगी। अभी फीडर की लंबाई अधिक होने के कारण आए दिन फॉल्ट बना रहता था। फॉल्ट खोजने में कर्मचारियों को समय लगता है। इसे देखते हुए इस फीडर को दो भागों में बांटा जाएगा। नया फीडर बनने से लोवोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी। थुलरई फीडर की लंबाई करीब 25 किमी है। इससे चिलौली, गूंझी, केवलपुर बरेथा, सरांय श्री बख्श, धर्मदासपुर, हरदीटीकर, सुल्तानपुर जनौली, इब्राहिमपुर, कुसुमी, पूरे बल्लू, रानीगंज, तिवारीपुर, सिकंदरपुर, पूरे भीखा समेत 70 गांवों को बिजली की आपूर्ति होती है। फीडर की लंबाई अधिक होने के कारण उपभोक्ताओं को लोवोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। फॉल्ट आने पर कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है।
इस समस्या को देखते हुए फीडर को दो भागों में बांटा जाएगा। नया फीडर कुसमी के नाम से बनाया जाएगा। दोनों फीडरों में 70 गांवों का लोड बांटा जाएगा। नया नया फीडर बनाने में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अवर अभियंता चंद्रेश पटेल ने बताया कि फीडर को दो भागों में बांटने से बिजली आपूर्ति सुधरेगी।