इलाहाबाद-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दुर्गापुर बाजार में बृहस्पतिवार की देर रात तीन ट्रकों के बीच हुई भिड़ंत में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस ने सीएचसी कोंहड़ौर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने एक ट्रक चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर बाजार में बृहस्पतिवार की देर रात तीन ट्रकों के बीच आपस में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद एक ट्रक के परखच्चे उड़ गए। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग दुर्घटना स्थल पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी।
स्थानीय लोगों ने ट्रक में फंसे लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला, लेकिन तब तक ट्रक चालक रवि (22) पुत्र कैलाश निवासी ऊंचाबेड़ा थाना हुसैनगंज जिला फतेहपुर की मौत हो चुकी थी जबकि आरिफ (30) पुत्र रोशन अली, लुकमान (22) पुत्र साकिर अली निवासी जाफरपुर थाना कंधई जिला प्रतापगढ़, ननका (30) पुत्र राधेश्याम निवासी ऊंचाबेड़ा थाना हुसैनगंज जिला फतेहपुर, अमरजीत (19) पुत्र जानकी प्रसाद निवासी गोंडा गंभीर रूप से घायल थे।
सूचना के बाद रामगंज से पहुंची 108 एंबुलेंस के पायलट शिव शंकर और अमित पटेल ने चारों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी कोंहड़ौर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने आरिफ की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।