लखनऊ। धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामलों में जालसाजों ने कुल 87.20 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तमिलनाडु के तिरूनावल्ली निवासी कवियारसन वर्तमान में बिहार में रह रहे हैं और लखनऊ स्थित आर्मी मेडिकल कोर में तैनात हैं। मकान खरीदने की योजना बना रहे कवियारसन की मुलाकात सेना में तैनात अभिषेक थापा के माध्यम से प्रॉपर्टी डीलर मनीष से हुई। मनीष ने नीलमथा इलाके में 28 लाख का मकान दिखाया और लोन की सुविधा देने का भरोसा दिलाया।
कवियारसन की पहचान मनोज शर्मा और रोशनी से कराई गई। लोन स्वीकृत होने के बाद मनीष ने मकान की रजिस्ट्री फूलमती नामक महिला से कराई, लेकिन बाद में पता चला कि वह रजिस्ट्री फर्जी थी और मकान किसी और का था। मनीष, मनोज शर्मा, फूलमती, रोशनी, मनीष बैंक और अमित कुमार राठौर के खिलाफ पीजीआई थाने में केस दर्ज हुआ है।
विभूतिखंड निवासी संजय सिंह सय्फो प्रोडक्ट्स एंड सर्विसेज (यूज फैशन) नामक फर्म चलाते हैं। उन्होंने कामतगिरी इंटरप्राइजेज के मालिक अरविंद त्रिपाठी को अक्तूबर 2023 में 1.14 करोड़ का माल सप्लाई किया। अरविंद ने केवल 64.80 लाख रुपये ही चुकाए और शेष 49.20 लाख देने से इन्कार कर धमकाने लगा। तीसरे मामले में विभूतिखंड के नयागांव निवासी हेमंत प्रताप से सैयद दानिश हुसैन ने जमीन दिलाने के नाम पर दस लाख रुपये ठग लिए।