ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना तेजी से फैलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। मंगलवार को बीकेटी में छह, मलिहाबाद में तीन, निगोहां में दो और काकोरी में भी तीन लोग पॉजिटिव मिले। पारा में तीन, मडियांव व विकासनगर में तीन-तीन लोग संक्रमित मिले।
मरने वालों में दो बस्ती के निवासी
केजीएमयू के कोरोना वार्ड में भर्ती तीन मरीजों की मंगलवार को मौत हो गई। इनमें से दो बस्ती और एक गोरखपुर का निवासी है। बस्ती के सिविल लाइन निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग को 23 जुलाई को सुबह यहां भर्ती कराया गया था। उन्हें शुगर के साथ हाई ब्लड प्रेशर था। किडनी का भी इलाज चल रहा था।
मल्टी ऑर्गन फेल्योर से उनकी मौत हो गई। इसी जिले के लहरिया निवासी 40 वर्ष युवक को सड़क हादसे के बाद 25 जुलाई को भर्ती कराया गया था।। दिमागी रक्तस्राव से उसकी मौत हो गई। वहीं, गोरखपुर के गोला बाजार की 50 वर्षीय महिला को 25 जुलाई की शाम केजीएमयू में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को रेस्पिरेट्री फेल्योर से मौत हो गई।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के हुसैनगंज स्थित कार्यालय में दो कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। अब तक यहां चार मरीज मिले हैं, लेकिन कार्यालय को बंद नहीं किया गया है। ऐसे में कर्मचारियों में डर है कि कहीं उन्हें भी संक्रमण न हो जाए। एनएचएम कार्यालय में मंगलवार को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के एक इंजीनियर और लीगल सेल के कंसल्टेंट भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
एक कर्मचारी ने बताया कि न तो पूरी तरह से कार्यालय का सैनिटाइजेशन किया जा रहा है और न ही कर्मचारियों की ड्यूटी के लिए मुख्य सचिव के आदेश के अनुसार रोस्टर बनाया जा रहा है। सचिवालय में भी समूह ग व घ के लिए ड्यूटी रोस्टर बना दिया गया है, लेकिन एनएचएम कार्यालय लगातार कर्मचारियों को प्रत्येक दिन बुलाया रहा है। कर्मचारियों के ड्यूटी रोस्टर के नियम का पालन न होने मामले में महाप्रबंधक मानव संसाधन सुधा यादव से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, अपर मिशन निदेशक हीरालाल का मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।
पीजीआई में रेजीडेंट डॉक्टरों के बाद पांच नर्सें संक्रमित हो गई हैं। अब तक 20 से ज्यादा स्टाफ वायरस की चपेट में आ चुका हे। ऐसे में नर्सेज स्टाफ एसोसिएशन अध्यक्ष सीमा शुक्ला व डाॅक्टरों ने पीपीई किट की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि किट पहनने के बाद फट जाती है। इस संबंध में पीजीआई प्रशासन को अवगत कराने पर भी सुधार नहीं हो रहा है। किट की गुणवत्ता खराब होने से मंगलवार को एक डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बिजली कर्मचारी निकला पॉजिटिव
बिजली विभाग के ठाकुरगंज खंड कार्यालय का संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। अधिशासी अभियंता अशोक सुंदरम ने बताया कि एहतियात के तौर पर ठाकुरगंज खंड कार्यालय को सैनिटाइज कर बंद कर दिया गया है। ठाकुरगंज खंड कार्यालय के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की जांच की गई। सभी कर्मचारी निगेटिव मिले हैं। सभी को अपने-अपने घरों में दो दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है।