लखनऊ के तीन अलग-अलग इलाकों में दो महिलाएं व एक छात्रा गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। तीनों की जांच निजी पैथोलॉजी से कराई गई थी।
एक महिला (28) फूलबाग इलाके की रहने वाली है तो दूसरी बुजुर्ग (90) लाटूश रोड की निवासी हैं। बुजुर्ग महिला लालबाग के निशात हॉस्पिटल में कार्यरत डॉक्टर की मां हैं।
वहीं रायबरेली रोड स्थित सैनिक विहार कॉलोनी की एक छात्रा भी कोरोना संक्रमित मिली है। फूलबाग निवासी महिला व छात्रा को लोकबंधु अस्पताल में तो बुजुर्ग को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है।
फूलबाग निवासी महिला को करीब चार दिन पहले बुखार के साथ जुकाम हुआ था। डॉक्टर की सलाह पर निजी पैथॉलॉजी से जांच कराई जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
अस्पताल को नोटिस दे बंद करने के दिए आदेश
कोरोना के जिला सर्विलांस अफसर डॉ. केपी त्रिपाठी के मुताबिक मरीज को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फूलबाग की महिला मरीज को मिलाकर परिवार में आठ लोग रहते हैं।
सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए केजीएमयू भेजा गया है। वहीं दूसरी ओर लालबाग के निशात हॉस्पिटल में कार्यरत डॉक्टर ने अपनी बुजुर्ग मां को सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती कराया था।
निजी पैथोलॉजी में जांच के लिए नमूना भेजा गया था। गुरुवार को आई रिपोर्ट में डॉक्टर की मां पॉजिटिव पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को नोटिस दे बंद करने के आदेश दिए हैं। अस्पताल को सैनिटाइज कराया जा रहा है।
बुजुर्ग महिला का बेटा निशात हॉस्पिटल में ही है डॉक्टर
लाटूश रोड निवासी जिस बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, उनके बेटे निशात हॉस्पिटल में ही डॉक्टर के रूप में कार्यरत हैं। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल का कहना है कि मरीज को पीजीआई शिफ्ट किया गया है।
वहीं अस्पताल का स्टॉफ व डॉक्टर सभी को क्वारंटीन में रखने के साथ ही उनकी जांच कराई जाएगी। कहा, अस्पताल को नोटिस जारी कर 14 दिन तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल के आईसीयू समेत वार्ड को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. केपी त्रिपाठी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला के संपर्क में अस्पताल के 13 स्टाफ सदस्य सामने आए हैं। उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है।
देहरादून से लौटी थी छात्रा
रायबरेली रोड स्थित सैनिक विहार कॉलोनी की एक छात्रा भी कोरोना संक्रमित मिली है। सीएमओ ने बताया, छात्रा डेढ़ माह पहले देहरादून से लौटी है। सैनिक विहार कॉलोनी निवासी छात्रा को करीब तीन दिन पहले सर्दी-जुकाम के साथ बुखार आया था। निजी पैथोलॉजी से उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे लोकबंधु भेजा गया है।
चौथे निजी अस्पताल में मिला कोरोना पॉजिटिव
राजधानी के निजी अस्पताल कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती कर उनकी जांच निजी पैथोलॉजी से करवा रहे हैं। जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को भेजी जा रही है।
मेडवेल हॉस्पिटल, चरक व चंदन के बाद निशांत हॉस्पिटल में चौथा कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती मिला है। अफसरों का कहना है कि चारों अस्पताल के संचालन पर रोक लगाई गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।