मोहनलालगंज। मोहनलालगंज थाने के सामने व एसीपी दफ्तर में घुसकर रविवार को मारपीट करने वाले तीन और आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नौ आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक रविवार को कल्ली पूरब गांव में दरवाजा लगाने को लेकर प्रधान रामखेलावन व किसान राम जियावन के बीच मारपीट हुई थी। प्रधान इसकी शिकायत लेकर थाने आए तो राम जियावन के पक्ष के लोगों ने थाने के सामने रामखेलावन पक्ष के लोगों की पिटाई कर दी थी। दोनों पक्षों में एसीपी के दफ्तर में भी मारपीट हुई थी। मामले में सिपाही विकास जायसवाल ने 14 नामजद व 30 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। सोमवार को कल्ली पूरब गांव निवासी विशाल, राहुल व सतगुरु को गिरफ्तार किया गया।