गुडंबा। बाराबंकी से लखनऊ आकर दो घंटे के भीतर दो महिलाओं से लूट करने के आरोपी तीन नाबालिगों को गुडंबा पुलिस ने पकड़ लिया। उनके कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है। बाइक के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे सीज कर दिया। तीनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि तीन जुलाई की रात कुर्सी रोड निवासी दीपिका टंडन से जानकी प्लाजा के पास बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया था। करीब दो घंटे बाद अलीगंज के डंडइया निवासी खुशबू अवस्थी से आइकॉन हॉस्पिटल के पास सर्विस लेन पर मोबाइल और 1,500 रुपये लूट लिए गए। दोनों मामलों में रविवार को एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सोमवार को तीनों आरोपियों की लोकेशन जानकी प्लाजा के पास मिली, जहां से पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पकड़ में न आएं इसलिए 40 किमी दूर आकर करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाराबंकी के जहांगीराबाद से करीब 40 किलोमीटर दूर लखनऊ इसलिए आते थे ताकि स्थानीय पुलिस की पकड़ से बच सकें। वारदात के बाद तुरंत लौट जाते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि शौक पूरे करने के लिए लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।