लखनऊ। विश्व रक्तदाता दिवस पर रविवार को राजधानी के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में रक्तदान शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों से नियमित रक्तदान के स्वास्थ्य लाभ भी बताए।
पीजीआई के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग द्वारा न्यू डायग्नोस्टिक ब्लॉक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। विभाग के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन मरीजों को जीवनदान मिल सकता है। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है, रक्तचाप नियंत्रित होता है और हृदय रोग, स्ट्रोक तथा अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है। उन्होंने बताया कि शिविर में एकत्र रक्त का उपयोग थैलेसीमिया, कैंसर और अन्य गंभीर रोगियों के उपचार में किया जाएगा।
केजीएमयू में चला जागरूकता अभियान
केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की ओर से रक्तदान जागरूकता सप्ताह मनाया गया। अभियान के दौरान करीब 250 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया और जागरूकता शपथ ली। इस माैके पर डीन पैरामेडिकल व मीडिया प्रभारी डाॅ. केके सिंह, डाॅ.आशुतोष सिंह, डाॅ. जिगनेश, डाॅ. विजय प्रताप आदि माैजूद रहे।
कैंसर संस्थान में 25 यूनिट रक्त संग्रह
कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान में आयोजित रक्तदान शिविर में 25 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू दुबे ने रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
रैली निकालकर किया जागरूक
आलमबाग स्थित 50 बेड संयुक्त चिकित्सालय की ओर से रक्तदान जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व की जानकारी दी गई और स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।