रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली नगर और आसपास के गांवों में सांड़ के हमले में दो दिन में महिला आरक्षी समेत तीन लोग घायल हो गए। रविवार शाम डायल 112 में तैनात महिला कांस्टेबल विजय लक्ष्मी अपनी एक वर्ष की बच्ची को कोतवाली के आवासीय परिसर में घुमा रही थी। तभी सांड़ ने हमला कर दिया। आरक्षी के शोर मचाने पर लोग दौड़े तो सांड़ भाग निकला। आरक्षी को मामूली चोटें आई हैं। बच्ची बच गई।
डलमऊ निवासी विक्रम (7) वर्ष पुत्र सिकंदर पिता के साथ पूरे बदूमिया मजरे ऊंचाहार देहात गांव में बुआ के घर शादी समारोह में आया था। सोमवार की भोर में घर जाने के लिए वह वापस बस स्टेशन जा रहा था, तभी रामलीला मैदान के पास सांड़ ने हमला कर दिया। उसके सिर पर गंभीर चोट आई है।
तीसरी घटना में पूरे छोटे मियां मजरे ऊंचाहार देहात गांव निवासी रामबक्स (62) सोमवार सुबह अपने मवेशी को बांध रहा था, तभी सांड़ ने हमला कर दिया। घायल बच्चे व बुजुर्ग को सीएचसी भेजा गया, जहां रामबक्श को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है लेकिन सांड़ को पकड़वा कर गोशाला भेजा जाएगा।