लखनऊ। केजीएमयू के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रमुख प्रो. जेडी रावत के साथ डॉ. गुरुमीत सिंह और डॉ. पीयूष कुमार को इंडियन एसोसिएशन ऑफ पीडियाट्रिक सर्जन की प्रतिष्ठित मानद उपाधि से नवाजा गया है। एम्स ऋषिकेश में आयोजित इंडियन एसोसिएशन ऑफ पीडियाट्रिक सर्जन के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान यह सम्मान दिया गया।
सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र के लिए डॉ. एसएन कुरील और डॉ. गुरुमीत सिंह को प्रथम पुरस्कार मिला। इस दौरान प्रो. जेडी रावत ने अविकसित आहार नली की सर्जरी के लिए नई तकनीक पेश की। प्रो. एसएन कुरील ने बच्चों में मूत्र मार्ग न बने होने पर नई तकनीक से सर्जरी की रिपोर्ट पेश की।
डॉ. अर्चिका गुप्ता ने बच्चों के साथ दुष्कर्म और यौन चोटों में सर्जरी की संशोधित तकनीक पर शोध पत्र प्रस्तुत किया। डॉ. सुधीर सिंह ने यकृत के सिस्ट और डॉ. गुरुमीत सिंह ने बच्चों के मलद्वार की असामान्यता की सर्जरी में चोट को रोकने के लिए नई तकनीक पेश की। सीनियर रेजिडेंट डॉ. मनीष राजपूत ने प्रतिष्ठित यूसी चक्रवर्ती पुरस्कार में प्रतिभाग किया।