लखनऊ। महिगवां के एक गांव में 18 अक्तूबर को विवाहिता के जान देने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को पति समेत तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई विवाहिता के पिता की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में की है।
पिता ने बताया कि वर्ष 2016 में बेटी की शादी हुई थी। शादी से पहले आरोपी दामाद के पहली पत्नी से दो बच्चे थे। आरोप है कि दामाद को बेटी को हिस्सा न देना पड़े इसलिए वह उसे नौकरों की तरह रखता था। वहीं, दामाद का पड़ोसी बेटी का उत्पीड़न करता था। आरोपी दामाद की मां भी बेटी को प्रताड़ित करती थी। शिकायत करने पर दोनों पक्षों में सुलह हो जाता था। आरोप है कि 18 अक्तूबर को शाम करीब पांच बजे पति ने उन्हें कॉल कर बेटी के फांसी लगाने की बात कही। वह जब बेटी के घर पहुंचे तो बेटी का शव पंखे से लटका मिला। पिता का आरोप है कि सास, दामाद और पड़ोसी के कारण बेटी ने जान दी है। एसीपी बीकेटी अंकित बंसल ने बताया कि महिगवां पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।