सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के नूरपुर बेहटा स्थित ड्रीम वैली के पास किसान पथ पर मंगलवार रात चिनहट की ओर जा रही कार सामने से आ रहे डम्फर से भिड़ गयी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। भीषण हादसे मे चालक समेत कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने कार मे फंसे शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, पुलिस ने डम्फर को कब्जे मे ले लिया,जबकि चालक मौके से भाग निकला।
प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी देवेन्द्र विक्रम सिंह के मुताबिक कुशीनगर जिले के कुबेर स्थान थाना क्षेत्र स्थित घोर घटिया गांव निवासी सत्यम त्रिपाठी (21) अपने साथियों निकेश शर्मा (20) व आकाश कुशवाहा (21) के साथ लखनऊ आये थे। काम निपटा कर मंगलवार की रात सत्यम दोनो दोस्तों के साथ कार से घर वापस जा रहा था। तभी किसान पथ पर रात करीब एक बजे नूरपुर बेहटा स्थित ड्रीम वैली के पास उनकी कार गलत दिशा मे सामने से आ रहे डम्फर से टकरा गयी। जिसमे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे मे कार सवार तीनो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गयी।
कंट्रोल रूम की सूचना पर एचसीएल चौकी इंचार्ज दीपक पाण्डेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी की मदद से डम्फर मे घुसी कार को अलग किया और कड़ी मशक्कत के बाद सत्यम समेत तीनो दोस्तों को कार से बाहर निकाला। पुलिस ने आनन-फानन तीनो को सीएचसी पहुँचाया। जहां पर मौजूद डाक्टरों ने तीनो को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही डम्फर को कब्जे मे ले लिया। जबकि चालक मौके से भाग निकला। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी डम्फर चालक की तलाश की जा रही है। चौकी इंचार्ज दीपक पाण्डेय ने बताया कि मृतक गूगल मैप के सहारे किसान पथ के रास्ते कुशीनगर वापस जा रहे थे। शायद उन लोंगो को रास्ते का ज्ञान नही था।