फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोयला जलाकर कमरे में सो रही महिला की दो बच्चियों समेत दम घुटने से मौत, एक की हालत गंभीर

Sun, 07 Jan 2018 09:45 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बहराइच
विज्ञापन
तसले में पड़ी राख - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

एक परिवार की महिलाएं मासूम बच्चों के साथ रात में कमरे में कोयला जलाकर सो गईं। सुबह दो मासूम व उनकी नानी मृत हालत में मिलीं। इनमें एक महिला बेहोश थी। दरवाजा तोड़कर बेहोश महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

विज्ञापन


तीन मौतों की सूचना पर पुलिस अधिकारी डॉग स्क्वॉयड दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कोयले से निकली जहरीली गैस से मौत की आशंका जताई जा रही है। बेहोश महिला की हालत नाजुक है। उसके होश में आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

बहराइच के रामगांव थाना के बेगमपुर निवासी रामसरीक का मकान सहनवाजपुर मार्ग पर है। परिवार संपन्न है। रामसरीक ने फफकते हुए बताया कि ठंड होने के कारण उनकी पत्नी कुंवारी देवी (64), नातिन दिव्या उर्फ विद्या (3), काजल (9) व बहू संजू सिंह के साथ छत पर कमरे में सोने चली गई। कमरे को गर्म रखने के लिए तसले में कोयला जलाया था।
विज्ञापन


रविवार सुबह जब देर तक परिवार के लोग नहीं उठे तो उन्होंने आवाज दी। काफी देर तक आहट न मिलने पर वह छत पर पहुंचे तो अंदर सभी बेसुध दिखे। रामसरीक ने बताया कि उन्होंने पुत्र लालधर को आवाज देकर बुलाया। तब तक पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। अंदर सभी के बेसुध होने के चलते दरवाजा तोड़ा गया तो कुंवारी देवी, दिव्या और काजल मृत हालत में मिले। संजू बेहोश थी। उसे आननफानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

बेहोश महिला के होश में आने पर ही पता चलेगा सच

- फोटो : amar ujala
सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर, एएसपी सिटी अजय प्रताप सिंह, सीओ महसी केके सिंह चौहान, थानाध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह मौके पर पहुंचे हैं। डॉग स्क्वॉयड दस्ते को भी बुलाया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया कमरे में जल रही आग से उत्पन्न जहरीली गैस से दम घुटने से मौत की आशंका है। एक महिला बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। उसके होश में आने के बाद मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।

कोयले से निकली गैस कमरे में खत्म कर देती ऑक्सीजन
जिले के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आरबी सिंह ने बताया कि कोयला जलने पर इससे जहरीली कार्बन मोनो ऑक्साइड निकलती है। अगर कमरा एयर टाइट है तो कार्बन मोनो ऑक्साइड गैस कमरे में मौजूद ऑक्सीजन को खत्म कर देती है।

सांस लेने के साथ ही मोनो ऑक्साइड शरीर में पहुंचकर खून में मिल जाती है, जिससे व्यक्ति बेहोश हो जाता है। यह एक्सटीसिया की स्थिति होती है। गैस के कारण दम घुटने से मरीज की मौत हो जाती है।
विज्ञापन

पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर बिलख उठे लोग

- फोटो : amar ujala
दम घुटने से दो बच्चियों व नानी की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है। एक ही परिवार से तीन अर्थियां उठने के कारण रामसरीक के परिवार वालों की हालत अर्द्ध विक्षिप्तों जैसी हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर शाम जब तीनों शव घर पहुंचे तो परिवारीजनों के साथ ही गांव के लोग भी बिलख उठे।

रामगांव थाना के बेगमपुर गांव में रामसरीक राजगीर है। रामसरीक के तीन बेटे हैं। तीनों ने घर बनाया था। परिवार के साथ सुख के क्षण बिताने की कल्पना की थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

दोपहर में घटना की सूचना मिलने के बाद जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तो गांव छावनी में तब्दील हो गया। देर शाम को जिला मुख्यालय से पोस्टमार्टम के बाद मासूम दिव्या, काजल और उसकी नानी कुंवारी देवी के शव घर पहुंचे तो परिवारीजन बेहाल हो गए। एकत्रित गांव के लोगों की आंखों से भी आंसू रुक नहीं रहे थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें