लखनऊ। लेह, इंदाैर व बंगलूरू से दिल्ली जा रहे विमान खराब माैसम के चलते शनिवार शाम बिन बुलाए लखनऊ पहुंचे। दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण इन्हें लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया।
एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि अकासा एयरलाइंस की बंगलूरू से दिल्ली जाने वाली उड़ान क्यूपी-1821 शाम 5:14 बजे डायवर्ट होकर लखनऊ पहुंची। लगभग एक घंटे बाद यह दिल्ली के लिए रवाना हुई। लेह से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6430 शाम करीब पांच बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। लगभग डेढ़ घंटे बाद इसे शाम 6:35 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इंदौर से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की उड़ान एआई-2516 शाम 5:21 बजे लखनऊ पहुंची। एक घंटा 10 मिनट तक एयरपोर्ट पर खड़े रहने के बाद इसने शाम 6:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में खराब माैसम के कारण कई विमान डायवर्ट होकर लखनऊ आ चुके हैं।