राजधानी में ठाकुरगंज, मोहनलालगंज और निगोहां इलाके में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। दुबग्गा स्थित शाहपुर बमरौली के रहने वाले जाहिद अली (60) ठाकुरगंज स्थित कैम्पेवेल रोड पर मदरसे की देखभाल का काम करते थे। बेटे अरहान ने बताया कि पिता बृहस्पतिवार सुबह बकरीद की नमाज अदा करने के लिए कैम्पेवेल रोड स्थित मदरसे के पास मस्जिद में गए थे। लौटते समय जाहिद रिंग रोड लाला बाग के पास सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गिरे जाहिद पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन की चपेट में आ गए और वाहन के अगले हिस्से में फंसकर कुछ दूर घिसटते हुए चले गए। उन्हें गंभीर अवस्था में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक और वाहन चालक दोनों भाग निकले। जाहिद के पास मिले फोन से परिजनों को घटना की सूचना दी गई। जाहिद की पत्नी शहाना की तीन वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। नाबालिग बेटे ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मोहनलालगंज के बेलहिया खेड़ा गांव के पास बृहस्पतिवार शाम मौरावां की ओर से आ रही कार बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक उन्नाव के असोहा निवासी बबलू (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बबलू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि कार चालक मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है।
इसी तरह,निगोहां के लालपुर गांव स्थित जियो पेट्रोल पंप के सामने बृहस्पतिवार तड़के अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। चावल व गेहूं लदी ट्रैक्टर ट्रॉली रायबरेली से लखनऊ के बंगलाबाजार में लगने वाली गल्लामंडी जा रही थी। इस दौरान ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में रायबरेली बछरावां के दोस्तपुर निवासी ट्रैक्टर चालक संतोष कुमार (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उनको सीएचसी मोहनलालगंज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ट्रैक्टर पर सवार मायाराम (60) व रामहेतु (55) भी घायल हो गए, जिनका उपचार चल रहा है। घटना के दौरान निगोहां के लालताखेड़ा निवासी ट्रक चालक रामबाबू (26) वाहन में ही फंस गए। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। हादसे के दौरान एक घंटे तक जाम लग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।