पीओई के अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि सबसे ज्यादा शिकायतें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कुवैत, कतर और ओमान से संबंधित हैं। शिकायतों के अलावा अलग-अलग माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं की संख्या इससे कहीं अधिक है। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और स्थानीय स्तर पर सक्रिय दलालों के जरिये युवाओं को विदेश भेजने का काम किया जा रहा है।
पुलिस की मदद से कार्रवाई, अभियान की भी शुरुआत
लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पीओ लखनऊ ने अवैध भर्ती एजेंसियों और दलालों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इसके लिए अलग-अलग माध्यमों से मिली शिकायतों और सूचनाओं का डाटा तैयार किया जा रहा है। संबंधित मामलों की जानकारी जिलों की पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भी दी जा रही है। पुलिस की मदद से ऐसे एजेंटों और संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। विभाग ने ऑपरेशन सुरक्षित जाओ, प्रशिक्षित जाओ अभियान भी शुरू किया है।
जाने से पहले तस्दीक करने की अपील
अधिकारियों ने विदेश में रोजगार के लिए जाने वाले लोगों से भर्ती एजेंसी की पूरी जानकारी लेने की अपील की है। एजेंसी के पास विदेश मंत्रालय का वैध लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच ई-माइग्रेट पोर्टल पर की जा सकती है। अधिकारियों ने लोगों को टूरिस्ट वीजा पर रोजगार के लिए विदेश नहीं जाने की सलाह दी है। एजेंट को भुगतान करने से पहले उसकी पक्की रसीद लेने और नौकरी, वेतन व अनुबंध की शर्तों की जांच करने को कहा गया है।
अगर फंसें तो यहां करें शिकायत
बिना लाइसेंस विदेश भेजने के नाम पर वसूली या ठगी की शिकायत helpline@mea.gov.in और illegalracomplaints@gmail.com पर की जा सकती है। प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र की 24 घंटे हेल्पलाइन 1800-11-3090 और व्हाट्सएप नंबर +91 74283 21144 पर भी मदद ली जा सकती है।