आत्मदाह करने पहुंचे तीन भाई, पुलिस ने रोका
लखनऊ। पुलिस के सुनवाई न करने पर सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया निवासी तीन किशोर शुक्रवार को विक्रमादित्य मार्ग पर आत्मदाह करने पहुंचे। साथ में उनका ममेरा भाई भी था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इनके पास से पेट्रोल से भरी बोतल और चाकू मिली। पुलिस को अंदेशा है कि किसी ने तीनों को उकसाया है।
इंस्पेक्टर गौतमपल्ली पंकज कुमार अम्बष्ट ने बताया कि शुक्रवार को चारों नाबालिग लखनऊ पहुंचे थे। वे थाने के पास घूम रहे थे तभी उनपर एक सिपाही की नजर पड़ी। कुछ संदेह होने पर सिपाही ने जब उन्हें रोका तो उनके पास पेट्रोल भरी बोतल मिली। पूछताछ करने पर 15 वर्षीय किशोर ने बताया कि मां की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। पिता सरकारी स्कूल में शिक्षक है। पिता अब उसका व भाइयों का ख्याल नहीं रखते हैं। इसकी शिकायत भी उन्होंने सिद्धार्थनगर पुलिस से की थी। पर कुछ नहीं हुआ। इंस्पेक्टर ने बताया कि दूसरे भाई की उम्र 14 और तीसरे की सात वर्ष है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है।