गोंडा के गुमड़ी घाट पर कुआनों नदी में नहाते समय तीन किशोरों की डूबकर मौत हो गई, जबकि एक की हालत इलाज के बाद स्थिर है। भगवान शिव पर जलाभिषेक करने के लिए सभी जल भरने गए थे और इससे पहले ये हादसा हो गया। हादसे से बाबागंज कस्बे में कोहराम मचा है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के बाबागंज कस्बे के रहने वाले विजय मोदनवाल का बेटा हिमांशु (15), राधेश्याम का बेटा शेखर (14) व रेतवागाडा गांव के मजरे इमलिहवा के रहने वाले जगप्रसाद का बेटा शिवा (16) और विकास (14) अपने कई साथियों के साथ बुधवार सुबह घर से निकले। कजरी तीज के मौके पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए सभी बच्चे जल लेने कुआनों नदी के गुमड़ी घाट पर पहुंचे। वहां जल भरने से पहले सभी नहाने के लिए नदी मे उतर गए। इसी दौरान हिमांशु, शेखर व विकास गहरे पानी मे डूबने लगे।
शिवा का कहना है कि जब उसने अपने भाई विकास समेत अन्य बच्चों को डूबता देखा तो शोर मचाते हुए उन्हे बचाने के लिए पानी मे छलांग लगा दी लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह खुद भी पानी में डूबने लगा। सबको डूबता देख अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।