बिल्डर व वकीलों समेत चिह्नित किए गए सभी 21 लोगों को संबंधित थाने में हाजिरी के लिए नोटिस जारी किया गया है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि मुख्तार व अन्य माफिया सरगनाओं का राजधानी में रेलवे के ठेकों, मिट्टी का खनन, टोल पर वसूली और जमीन की खरीद-फरोख्त में वर्चस्व है।
इनसे माफिया मोटी कमाई कर रहे हैं। छानबीन में पता चला कि मुख्तार के गुर्गे बाराबंकी के आगे टोल पर वसूली करते हैं। ट्रांस गोमती में मुख्तार की कई जमीनों पर नजर है। तीन साल पहले मड़ियांव और गुडंबा में जमीन पर कब्जे को लेकर उसके गुर्गे गोलीबारी भी कर चुके हैं।
बीते वर्ष सुशांत गोल्फ सिटी में मिट्टी खनन को लेकर एक ठेकेदार पर गोलियां चलाई गई थीं। इसमें पूर्वांचल के एक बाहुबली, बसपा के नेता के अलावा प्रदेश सरकार के एक कैबिनेट मंत्री का नाम सामने आया था। रेलवे के ठेकों को लेकर हजरतगंज स्थित डीआरएम ऑफिस में भरी दोपहरी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
वर्तमान हालातों में पुलिस रेलवे और मिट्टी के ठेकों में बाहुबली और माफिया सरगनाओं के दखल की कुंडली तैयार कर रही है। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने बताया कि पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।