फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फन मॉल के मैनेजर से 50 लाख की रंगदारी मांगने में तीन गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। गोमतीनगर इलाके के फन रिपब्लिक मॉल का संचालन करने वाली कंपनी के मैनेजर को धमकी देकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में गोमतीनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें एक अधिवक्ता है। वही गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। आरोप है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी दिलाने का झांसा देकर ऑपरेशन मैनेजर से रंगदारी मांगी गई थी।
विज्ञापन

एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव के मुताबिक, पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियाें में प्रयागराज निवासी अधिवक्ता अरविंद कुमार राय, कुशीनगर कसया निवासी शैलेश जायसवाल व गोमतीनगर विपुलखंड निवासी मनोज कुमार गोयल शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ फन रिपब्लिक मॉल संचालन करने वाली कंपनी ई-सिटी इंटरटेनमेंट के ऑपरेशन मैनेजर विकल्प सक्सेना ने फरवरी में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित के मुताबिक, फन मॉल परिसर के विस्तार के लिए 29 जून 2021 को पर्यावरण मंजूरी के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में आवेदन किया गया था। इसके बाद ही वकील अरविंद राय निवासी प्रयागराज ने परियोजना पर सवाल उठाते हुए यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कानूनी पत्र भेजा था। इस पर सलाहकार एवं परियोजना प्रमुख गिरीश पांडेय को अरविंद राय से प्रोजेक्ट से परेशानी के लिए बात करने को कहा था।
अरविंद ने गिरीश पांडेय से लखनऊ में 15 जुलाई को गोमतीनगर स्थित मनोज गोयल के घर पर मुलाकात की। बातचीत में मनोज गोयल ने गिरीश पांडेय से मामले को रुपये देकर निपटाने की बात कही। बाद में गिरीश ने फिर से अरविंद राय को कॉल की तो उन्होंने शैलेश जायसवाल से बात करने को कहा था। विकल्प सक्सेना ने पुलिस को बताया था कि अरविंद राय के खाते में 21 हजार रुपये जमा किए गए थे। इसके बाद भी आरोपी रुपये मांग रहे थे। मना करने पर पांच अगस्त को अरविंद राय ने फोन कर धमकी देते हुए 50 लाख रुपये देने को कहा। उसने धमकी दी कि अगर रुपये नहीं मिले तो वह कानूनी अड़चन लगाकर परियोजना को पास नहीं होने देगा। बातचीत से जुड़ी रिकार्डिंग विकल्प के पास थी जिसे उसने पुलिस को भी सौंपा था। इसी आधार पर केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें