कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आवास पर टमाटर व अंडे फेंकने के मामले में गौतमपल्ली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके सपा के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। फोटो व वीडियो क्लिप से अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक विजय सेन सिंह ने बताया कि कालीदास मार्ग पर कैबिनेट मंत्री के आवास पर शनिवार दोपहर अंडे व टमाटर फेंकने के साथ तोड़फोड़ की सूचना पर उपनिरीक्षक शशांक देव शुक्ला पुलिसकर्मियों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे थे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
पता चला कि 10-15 व्यक्तियों ने बवाल किया व आवास पर लगी नाम पट्टिका तोड़ डाली थी। उपनिरीक्षक ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर तलाश शुरू की। इस दौरान चित्र व वीडियो के अंश प्राप्त करके छानबीन व अन्य तरीकों से पता लगाया गया।
इसके बाद, पारा क्षेत्र के अमित यादव, परमिल यादव व देवरिया के गांव फुलवरिया निवासी लालबहादुर यादव को गिरफ्तार किया गया।