मानपुर और रेउसा थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटनाएं
सीतापुर। मानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। इससे ट्रैक्टर चला रहे कोटेदार की दबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह बिसवां से केरोसिन लेकर अपने गांव आ रहा था। दूसरी तरफ रेउसा थाना क्षेत्र में बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वह पैदल ही गांव में जा रहा था। उसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया।
मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसेंडा निवासी बाबेश कुमार वर्मा (36) गांव का कोटेदार था। शनिवार को वह कोटे का केरोसिन लेने के लिए बिसवां गया था। बताते है कि वहां से केरोसिन ट्रॉली में लोड करने के बाद वह देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस घर के लिए चल दिया।
रास्ते में क्योंटी बादुल्लाह मार्ग पर जफराबाद के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बाबेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने हादसा देख सूचना निकट गांव को दी। सूचना पाते ही गांव के बाशिंदे व पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर के नीचे दबे कोटेदार को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इधर रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम सरैंया गोधनी निवासी बैजनाथ (70) शनिवार रात पैदल ही गांव में कहीं जा रहा था। उसी दौरान गांव के निकट ही एक बाइक ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के सदस्य घायल बुजुर्ग को लेकर कस्बे की सीएचसी भागे। लेकिन घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।