सरोजनीनगर। बिजनौर इलाके में सराफ की दुकान में चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब पांच लाख रुपये के जेवर और स्कूटी बरामद हुई है। आरोपियों का एक साथी अभी भागा हुआ है।
बिजनौर के कमलापुर निवासी मनोज कुमार की सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के गेट नंबर-3 के सामने लक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकान है। एक जून को चोरों ने शटर तोड़कर करीब 10 किलो चांदी, 200 ग्राम सोना और डेढ़ लाख रुपये चुराए थे। मनोज ने दो जून को बिजनौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के अनुसार, चोरों की गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल और उसके आसपास लगे 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसकी मदद से बृहस्पतिवार सुबह बिजनौर पुलिस ने किसान पथ पर नटकुर अंडरपास के पास से तीन आरोपियों को पकड़ा। इनमें बाजारखाला निवासी बाइक मैकेनिक प्रियांशु, पारा निवासी ई रिक्शा चालक अमन और श्रमिक नीलोफर शामिल हैं।
एसीपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी बाराबंकी के गणेशपुर निवासी आकाश पांडेय का नाम बताया है। उसकी तलाश की जा रही है। आरोपी अमन मूलरूप से बहराइच के कोतवाली नगर के काजीपुरा मोहल्ले का रहने वाला है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 15 मामले दर्ज हैं। वहीं, प्रियांशु के खिलाफ पांच और नीलोफर के खिलाफ 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।