गोसाईंगंज। पंजाब के मनसा जिला निवासी ट्रक चालक से करीब चार लाख की 1180 बोरी पीओपी ठगने के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सर्विलांस और पुलिस टीम ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी पीओपी खेप, घटना में इस्तेमाल दो बाइक और चार मोबाइल बरामद किए हैं।
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद के मुताबिक बलराज सिंह 30 मार्च को राजस्थान के दंतौर से पीओपी लेकर बाराबंकी के भिलवल स्थित शाह ट्रेडर्स जा रहे थे। तीन अप्रैल को उन्हें फर्म मालिक और मुंशी बनकर मोबाइल पर संपर्क किया गया। इसके बाद तीन युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप डाला लेकर मौके पर पहुंचे और बिना भुगतान किए सभी बोरियां उतरवा लीं। माल को कबीरपुर स्थित किराये के कमरे में रखा गया। शाह ट्रेडर्स की ओर से माल न मिलने की जानकारी देने पर बलराज को ठगी का पता चला। उन्होंने 14 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रशिक्षु आईपीएस सारिका चौधरी में बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के जरिये मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया। शुक्रवार शाम पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नीचे बेली अंडरपास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान कुशीनगर जिले के तमकोहीराज स्थित हरिहरपुर निवासी तौफीक आलम (19), राजबाबू (20 ) व गुलाम गौस (21) के रूप में हुई।