रेलवे ट्रैक पर लोहे का दरवाजा रखने वाले तीन गिरफ्तार
लखनऊ। उतरेटिया में मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पर लोहे का दरवाजा रखने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लोहे का दरवाजा पास में बनी नव निर्मित बाउंड्री से चोरी किया था। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी अंजनी कुमार मिश्र के मुताबिक चौधरी खेड़ा निवासी चेतराम रावत उर्फ छोटू, गुलाब चंद यादव उर्फ नक्का और लवकुश रावत को बांकन खेड़ा से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दरवाजे के टुकड़े करने में असफल रहे। इस बीच ट्रेन आ गई। दरवाजे को तोड़ने के लिए ट्रैक पर रख दिया और कुछ दूर जाकर खड़े हो गए। ट्रेन दरवाजे के ऊपर से गुजरी और आगे जाकर रुक गई। इस पर तीनों भाग निकले। आरोपियों ने बताया कि वह नशा करने के लिए चोरी करते हैं। आरपीएफ के अधिकारियों ने भी तीनों के बारे में जानकारी ली है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
ये है मामला
उतरेटिया में रेलवे ट्रैक पर लोहे का दरवाजा रखा गया था। इसे ट्रेन पलटाने की साजिश मानी जा रही थी। मामले में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। एक सप्ताह के भीतर इस तरह की दूसरी घटना होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट थीं।