लखनऊ। इटौंजा सीएचसी के बाहर गिरे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग सीएचसी परिसर के अंदर तक फैल गई और तीन एंबुलेंस को चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
घटना सोमवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे की है। सीएचीसी अधीक्षक इटौंजा डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि बाउंड्री के बाहर एक बिजली का पोल आंधी की वजह से गिर गया था। इसके तारों में करंट था। सोमवार सुबह इस पोल के तारों में शाॅर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग पहले आसपास जमा कूड़े में फैली। इसके बाद सीएचसी बाउंड्री के अंदर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल हो गई और परिसर में खड़ी तीन एंबुलेंस जल गईं। अधीक्षक ने बताया कि तीनों एंबुलेंस कंडम हो चुकी थीं। विभाग से इनकी नीलामी का काम अभी नहीं हुआ था।