मलिहाबाद। रहीमाबाद के गोपालपुर गांव में बुधवार को जमीन के लिए हुए खूनी संघर्ष के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल, कार, एसयूवी, एक खोखा और होल्स्टर बरामद किया है। मामले में गोपालपुर गांव निवासी सरोज की तहरीर पर पुलिस ने 23 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मलिहाबाद निवासी कुलदीप, राम सिंह और मनीष शामिल हैं। बुधवार को आरोपियों ने चार बीघा जमीन पर जुताई के दौरान गांव के लोगों से मारपीट की थी। उन पर फायरिंग का भी आरोप है। इस घटना में दोनों पक्षों से नौ लोग घायल हुए थे। मुख्य आरोपी अनिल यादव गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।