लखनऊ। सुनसान जगह पर जाने के लिए राइड बुक करने और वहां पहुंचकर कैब चालकों को लूटने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को सैरपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आईआईएम की बाउंड्री वॉल के पास पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस को लूट के मोबाइल और नकदी मिली है।
डीसीपी दक्षिणी अमित आनंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बख्शी का तालाब के विश्रामपुर का रहने वाला अंचल सिंह, भौली निवासी अमित रावत और हर्षित रावत है। आरोपियों के अलग-अलग थानों में लूट के कई मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी सैरपुर मनोज कुमार कोरी के अनुसार 29 सितंबर को आरोपियों पर कैब चालक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पूछताछ में तीनों ने बताया कि 29 सितंबर की रात उन्होंने सैरपुर स्थित स्क्वायर लॉन जाने के लिए ऑटो बुक किया था। वे जब सुनसान जगह पर पहुंचे तो उन्होंने चालक की पिटाई कर 1400 रुपये लूटे थे। इसी तरह 28 सितंबर की रात करीब तीन बजे आरोपियों ने चौक में चालक से मोबाइल और चार हजार रुपये लूटे थे। इसके अलावा 27 सितंबर को आरोपियों ने बख्शी का तालाब में भी एक ऑटो चालक को लूटा था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी शौक पूरा करने के लिए लूट करते थे। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।