लखनऊ। चिनहट इलाके में रहने वाली 13 साल की किशोरी को सीतापुर रामपुर मथुरा निवासी तेज राय एक माह से धमकाकर दुष्कर्म कर रहा था। छह नवंबर को किशोरी के घरवालों को इस बात का पता चला तो उन लोगों ने आरोपी के खिलाफ चिनहट थाने में केस दर्ज कराया।
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि किशोरी के घर के पास ही उसके चाचा का मकान बन रहा है। आरोपी तेज राय वहीं मजदूरी करता है और निर्माणाधीन मकान में रहता है। किशोरी का चाचा के मकान में आना-जाना रहता था। आरोप है कि एक माह से आरोपी किशोरी को धमकाते हुए उसके साथ गलत काम कर रहा था। डर के चलते किशोरी ने इस बारे में किसी को कुछ भी नहीं बताया। छह नवंबर को परिजनों को आरोपी तेज राय की गलत हरकतों के बारे में पता चला गया। आरोपी को इस बात की भनक लगी तो वह भाग निकला। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की एक टीम सीतापुर भेजी गई है।