लखनऊ। चिनहट इलाके में रहने वाले न्यायिक अधिकारी को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगने का मामला प्रकाश में आया है। यही नहीं रुपये न मिलने पर आरोपी ने वीडियो व फोटो को वायरल कर दिया। जानकारी होने पर न्यायिक अधिकारी ने चिनहट थाने में ब्लैकमेल करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले में साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक चिनहट घनश्याम मणि त्रिपाठी के मुताबिक, इलाके में एक न्यायिक अधिकारी रहते हैं। न्यायिक अधिकारी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनको बृहस्पतिवार की सुबह अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने 20 हजार रुपये की मांग की जिसका विरोध किया तो कॉल करने वाला वीडियो कॉल कर परेशान करने लगा। आरोपी ने कुछ देर बाद ही उनका मोबाइल हैक कर लिया। उसमें सेव डाटा से आधार कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल कर कर उसमें एडिट कर एक अश्लील वीडियो व फोटो बनाया। उसे न्यायिक अधिकारी के परिचितों के सोशल मीडिया अकाउंट पर वायरल कर दिया। रिश्तेदारों व परिचितों ने इसकी जानकारी दी। इसी बीच फिर से ब्लैकमेल कर रहे व्यक्ति की कॉल आई तो उसने रुपये मांगने शुरू कर दिए। न्यायिक अधिकारी ने परेशान होकर चिनहट थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।