फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यह चुनाव राष्ट्रवाद बनाम आतंकवाद और ईमानदारी बनाम भ्रष्टाचार के बीच : योगी

Fri, 08 Mar 2019 05:40 AM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव राष्ट्रवाद बनाम आतंकवाद और ईमानदारी बनाम भ्रष्टाचार के बीच होगा। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में बिना भेदभाव के काम करने व त्वरित निर्णय लेने वाला नेतृत्व है तो दूसरी ओर देश को अस्थिरता और टूटन की ओर ले जाने वाला विपक्ष। 35-37 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले सत्ता पाने का सपना देख रहे हैं। यह भी नहीं पता कि उनका नेतृत्व कौन करेगा। 

विज्ञापन


राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘अपराजिता अमर उजाला संवाद’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सीएम योगी ने गुरुवार को कहा कि नरेंद्र मोदी के दोबारा सत्ता में आने पर दुनिया में भारत का डंका बजेगा। भारत दुनिया की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। 2019 के चुनाव में यह जनता को तय करना है कि वह किसे लाना चाहती है। देश के अंदर आज मोदी के रूप में एक यशस्वी, बिना भेदभाव के काम करने व त्वरित निर्णय लेने वाला नेतृत्व है। इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए। 

योगी ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश 2014 से अच्छा प्रदर्शन 2019 में करेगा। उन्होंने कहा कि ज्यादातर सांसदों ने अच्छा कार्य किया है। सांसदों के टिकट काटने के सवाल पर कहा कि काम का परीक्षण भी करेंगे। उसके बाद जैसी जरूरत होगी, पार्टी वैसा निर्णय लेगी।
विज्ञापन


संतकबीरनगर मामले में होगी कठोर कार्रवाई 
संतकबीरनगर में बुधवार को भाजपा सांसद व विधायक के बीच हुई मारपीट पर योगी ने कहा कि इस प्रकार की अशिष्ट व अशोभनीय घटनाओं को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। अनुशासनहीनता भाजपा जैसे दलों में स्वीकार्य नहीं है। इस मामले में कठोर कार्रवाई होगी।

सेना के पराक्रम पर संदेह नहीं होना चाहिए 
विभिन्न दलों द्वारा एयर स्ट्राइक पर सबूत मांगे जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सेना के शौर्य और पराक्रम पर कोई संदेह नहीं होना चाहिए। भारत की सेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेना है। यह नेतृत्व पर निर्भर करता है कि हम अपनी सेना का राष्ट्र हित में किस तरह से उपयोग करें। मोदीजी के नेतृत्व में जो निर्णय लिए जाते हैं, सेना उसे बखूबी अंजाम तक पहुंचाती है। सर्जिकल स्ट्राइक चाहे म्यांमार की सीमा पर हुआ हो या पाक अधिकृत कश्मीर में, पूरा देश पीएम मोदी और आम जनता सेना के साथ है।

विज्ञापन

अमित शाह ने दिया है 74 प्लस का लक्ष्य

अमर उजाला कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हमें लोकसभा के लिए प्रदेश में 74 प्लस सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है। हम इसे जरूर हासिल करेंगे। इस बार अमेठी व आजमगढ़ सीटें भी भाजपा जीतेगी।

सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस के गठबंधन के सवाल पर कहा कि इनमें से ऐसा कोई दल नहीं है, जिसने देश व प्रदेश की सत्ता में भागीदारी न की हो। इस वक्त सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा स्थिरता है। भारत जिन नई उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ रहा है, उन्हें बनाए रखने का सवाल है। योगी ने कहा कि केंद्र में सरकार बनाने के लिए 273 सीटें चाहिए। 35-37 सीटों पर लड़ने वाले कैसे सरकार बना पाएंगे। नेतृत्व कौन करेगा। इसका उनके पास जवाब नहीं है। इन दलों के आने से देश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ेगी। अलगाव व भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। ढांचागत विकास में बाधाएं पैदा होंगी। वहीं, दूसरी ओर मोदी सरकार है जो विकास के पथ पर राष्ट्र को आगे बढ़ा रही है। सर्जिकल स्ट्राइक करके आतंकवाद को समाप्त कर रही है। लेकिन, विपक्ष को ये कार्य अच्छे नहीं लग रहे हैं। मोदी सरकार के कार्यकाल में भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें नंबर से छठे नंबर पर आ गई। जबकि, विपक्ष भारत को पीछे करने वाला और तोड़ने वाला है। 

शहादत के 20 दिन के भीतर परिवारीजन को दी नौकरी 
एयर स्ट्राइक पर उठ रहे सवालों पर सीएम ने कहा कि मुझे लगता है इस पर न तो कोई प्रश्न किया जाना चाहिए और न ही किसी को इस तरह की बातें करने की छूट दी जानी चाहिए। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की अपनी एक सीमा होती है। हम सबको भारतीय सेना पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। इसी अनुभति का आभास कराने के लिए 14 फरवरी को पुलवामा की घटना के बाद 20 दिन के भीतर छह मार्च को हमारी सरकार ने शहीदों के परिवारीजन को नौकरी के नियुक्ति पत्र उपलब्ध करा दिए। यह उन सैनिकों की शहादत का सम्मान है। हम उसकी भरपाई तो नहीं क र सकते, लेकिन उनके प्रति नियुक्ति पत्र देकर कृतज्ञता जरूर व्यक्त कर सकते हैं। योगी ने कहा कि पहले नौकरी देने की व्यवस्था नहीं थी। लेकिन, हमने निर्णय लिया कि सेना, अर्ध सैन्य बल और पुलिस का कोई जवान शहीद होता है, तो हम परिवारीजन को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराएंगे। परिवारीजनों के लिए 25 लाख रुपये नकद राशि की व्यवस्था भी की। उनकी याद में स्मारक बनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा शहीद जवानों के परिवारों के लिए इस तरह के कार्य जारी रहेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें